लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ब्लड बैंक में कोरोना से ठीक हो चुके तीन जीआरपी के जवानों ने आकर खुद अपना प्लाज्मा डोनेट किया। ब्लड बैंक अब तक 14 प्लाज्मा दान में मिल चुके हैं। बताते चले कि अगर लगातार प्लाज्मा डोनेट होता रहा तो जल्द ही केजीएमयू में कोरोना के गंभीर मरीजों के लिए कोविड-19 प्लाज्मा बैंक शुरू हो सकता है।
बताते चले कि यह प्लाज्मा कोविड-19 संक्रमित रह चुके मरीजों के ठीक होने के पश्चात उन्हीं के द्वारा दान किया जाता है। इसका प्रयोग कोविड-19 के गंभीर मरीजों के इलाज में किया जाता है। केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की प्रमुख व ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. तूलिका चंद्रा ने बताया कि विभाग को आज तीन प्लाज्मा डोनेशन में मिले है। जीआरपी के तीन जवानों कमलेश मौर्य, तेजिंदर सिंह तथा सोनू कुमार ने आज विभाग में आकर खुद आकर अपना प्लाज्मा डोनेट किया।
उन्होंने बताया कि प्लाज्मा में भी मरीज की ग्रुप मैचिंग होना आवश्यक है, एक ही ग्रुप का प्लाज्मा उसी ग्रुप के मरीज को चढ़ाया जाता है। इसलिए जरूरी है कि कोरोना से ठीक हो चुके मरीजों में जागरूकता पैदा की जाये कि उनके दिये प्लाज्मा से किसी दूसरे संक्रमित मरीज को जिन्दगी मिल सकती है। डॉ तूलिका ने बताया कि आज जिन तीन जीआरपी के जवानों ने प्लाज्मा दान किया है उन्हें इसके लिए प्रेरित करने का श्रेय इनके कैप्टन सौनित्र यादव को जाता है।












