लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में जबरन इलाज कराने के लिए लेकर पहुंचे मरीज के कोरोना संक्रमित मिलने पर हड़कम्प मच गया। हेड इंजरी के मरीज को तीमारदार लेकर ट्रामा सर्जरी विभाग पहुंच भर्ती करा रहे थे। कोरोना संक्रमण मिलने पर ट्रामा सर्जरी विभाग को दो घंटे बंद करके सेनिटाइज कराया जा रहा है, जबकि मरीज का इलाज करने वाले रेजीडेंट डाक्टर सहित चार लोगों को तत्काल क्वारेटाइन कर दिया गया है। इसके साथ ही मरीज को कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। फिलहाल कोरोना संक्रमित मरीज ट्रामा सेंटर पहुंचने से हड़कम्प मचा हुआ है।
गोंडा से रेफर होकर हेड इंजरी का मरीज (32) चार दिन पहले केजीएमयू के ट्रामा सेंटर पहुंचा था। सेंटर में कोरोना की गाइड लाइन के मुताबिक मरीज को मानसिक रोग विभाग में बने स्क्रीनिंग होल्डिग वार्ड में रखा गया।
यहां पर स्क्रीनिंग में कोरोना का कोई लक्षण नही मिला आैर मरीज का इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान मरीज में कोरोना के लक्षण मिलने पर जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट अाती, इस बीच मरीज को इलाज के लिए न्यूूरोलॉजी विभाग शिफ्ट किया जा रहा था। ट्रामा सर्जरी विभाग के प्रमुख डा. संदीप तिवारी का कहना है कि मरीज को लेकर तीमारदार सुरक्षा गार्ड से लड़ते झगड़ते हुए ट्रामा सेंटर के पिछले गेट से पहले तल पर स्थित ट्रामा सर्जरी विभाग पहुंच गये। यहां पर उन्होंने मरीज को भर्ती करने के लिए कहने लगे। मरीज की हालत देखते हुए वहां पर तैनात डाक्टर इलाज के लिए तैयारी कर ही रहे थे कि इस बीच पता चला कि मरीज की जांच रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आयी है। यह जानकारी मिलते ही विभाग के डाक्टरों में हड़कम्प मच गया। मरीज की लोकेशन तलाशते वरिष्ठ डाक्टर ट्रामा सेंटर पहुंचे। वहां से उसे कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
ट्रामा सेंटर के सीएमएस डा. संतोष बताते है कि गोंडा से आये मरीज का इलाज चार दिन से मानसिक रोग विभाग के होल्डिग वार्ड में चल रहा था। वहां पर सभी डाक्टर पीपीई किट में इलाज करते है। इसके बाद भी वहां पर सेनिटाइजेशन कराया जा रहा है। केजीएमयू के प्रवक्ता डा. सुधीर का कहना है कि मरीज ट्रामा सर्जरी विभाग में गलती से पहुंचा था आैर कुछ देर ही रुका था। फिर भी विभाग को दो घंटे बंद करने सेनिटाइजेशन कराने के बाद दोबारा शुरू करने की तैयारी है। उस वक्त ट्रामा सर्जरी विभाग में कोई मरीज नहीं था।
अब PayTM के जरिए भी द एम्पल न्यूज़ की मदद कर सकते हैं. मोबाइल नंबर 9140014727 पर पेटीएम करें.
द एम्पल न्यूज़ डॉट कॉम को छोटी-सी सहयोग राशि देकर इसके संचालन में मदद करें: Rs 200 > Rs 500 > Rs 1000 > Rs 2000 > Rs 5000 > Rs 10000.












