लखनऊ। राजधानी में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कोरोना संक्रमण का एक बार फिर रिकार्ड टूट गया। राजधानी में कुल 79 मरीज मिले है। इनमें 28 महिला एवं 51 पुरूष है। इनमें सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित 18 मरीज 102 एम्बुलेंस सेवा के कर्मी है। इसके अलावा नये क्षेत्र सर्वोदय नगर के अलावा इंदिरा नगर, जानकीपुरम, राजाजीपुरम में लगातार कोरोना सक्रमण मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण में सर्विलान्स एवं कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 924 लोगों के सैम्पल टीम द्वारा लिये गये है एवं जॉच हेतु केजीएमयू भेजे गये।
स्वास्थ्य विभाग ने एम्बुलेंस 102 के कर्मियों में लक्षण की आशंका पर जांच करायी गयी। आज आयी जांच रिपोर्ट में 18 कर्मी संक्रमित निकले है। स्वास्थ्य विभाग अब इनके सम्पर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट बना कर जांच कराने में जुट गयी है। इसके अलावा पुलिस लाइन में भी छह कोरोना संक्रमित निकले है।
सिग्नेचर बिल्डिंग डीजीपी कार्यालय में भी दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही नये क्षेत्र सर्वोदयनगर-6 मरीज कोरोना संक्रमित मिलने पर हड़कम्प मच गया। वहीं इन्दिरानगर कालोनी में भी लगातार कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे है। आज आठ मरीज मिले है। इसके अलावा एलडीए कालोनी-4, बालागंज-2, स्वास्थ्य भवन-3, होमगार्डस मुख्यालय-4, चौक-4, जानकीपुरम-9, कल्याणपुर-3, कल्याणपुर-3, राजाजीपुरम-2, अमीनाबाद-2, गौतमपल्ली-1, कृष्णानगर-1, गोमतीनगर-1 के रोगी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. नरेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में कोरोना सक्रमण मिलने के बाद सम्पर्क में आने वाले लोगों को क्वारेंटाइन करने के साथ ही कोरोना की जांच करायी जा रही है। उन्होंने बताया कि आज कुल 40 रोगियों (केजीएमयूू-1, एसजीपीजीआई-2, एलबीआरएन-11, डा. आरएमएल-15, आरएसएम-6, ईएसआई-5) को कोरोना संक्रमण से ठीक होने जाने पर डिस्चार्ज किया गया। इसके साथ ही 68 क्षेत्रो को कन्टेनमेन्ट जोन बनाये जाने एवं 31 कन्टेनमेन्ट जोन हटाये जाने हेतु जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित किया गया।












