लखनऊ। गोमती नगर स्थित डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के शहीद पथ स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल परिसर में बनाये गये कोविड -19 यूनिट के इंटेसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में तैनात संविदा कर्मचारी रविवार को ड्यूटी के दौरान अचानक बेहोश हो गिर गया। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गयी अौर बेहोश कर्मचारी को तुरंत ही एम्बुलेंस से संस्थान की हास्पिटल ब्लाक की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के साथ ही उसका कोविड टेस्ट किया गया है।
कोविड- 19 हास्पिटल में संविदा कर्मचारी चंदन कोरोना वार्ड के आईसीयू में ड्यूटी के दौरान बेहोश होकर गिर गया। इस पर वहां पर अफरा तफरी मच गयी। संविदा कर्मी के बेहोश होने पर संविदा कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि संविदा कर्मी की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब चल रही थी। इमरजेंसी के डॉक्टर से इलाज का पर्चा दिखाने के बाद भी सिक्योरिटी सर्विसेज के सुपरवाइजर तथा संस्थान प्रशासन ने बिना कुछ सुने ड्यूटी पर भेज दिया। तबियत खराब होने के कारण वह आई सी यू में कर्मचारी बेहोश हो गया।
इस प्रकरण में संस्थान के मीडिया प्रवक्ता डॉ श्रीकेश सिंह ने बताया कि कर्मचारी चूंकि कोरोना वार्ड में ड्यूटी कर रहा था, इस कारण भी उसका कोविड टेस्ट कराया गया है। वर्तमान में उसकी तबियत ठीक है। उसे फिलहाल ऐक्टिव क्वारेंटाइन में ही आराम करने की सलाह दी गयी है।












