नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित 40वें राष्ट्रीय अधिवेशन NMOCON-2018-19 का समापन समारोह किंग जाॅर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में सम्पन्न हुआ। राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन का शुभारम्भ समारोह में उपस्थित अतिथिगणों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर NMOCON-2018-19 के चेयरपर्सन डाॅ0 संदीप तिवारी ने समारोह मे उपस्थित अतिथिगणों को एकल पुष्प एवं प्रतीकचिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्या भारती के राष्ट्रीय संरक्षक मा0 श्री ब्रह्मदेव शर्मा जी ने समारोह में उपस्थित एन0एम0ओ0 के सदस्यों, चिकित्सकों एवं छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपातकाल समाप्त होने के बाद देश के विभिन्न राष्ट्रवादी संगठनों ने एकजुटता के साथ देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि समाज को स्वस्थ्य रखने वाले चिकित्सकों को भी अपनी जीवनशैली को नियमित, संयमित एवं व्यवस्थित बनाए रखनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों के साथ खासतौर पर निर्धन मरीजों के प्रति संवेदना रखने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने देश में विभिन्न क्षेत्रों में पाए जाने वाली लगभग एक लाख जड़ी बूटियों पर शोध कर उनके द्वारा इलाज किए जाने का अनुरोध किया।
मा0 श्री ब्रह्मदेव शर्मा जी ने कहा कि मौजूदा समय में 6 लाख 40 हजार गांव को चिकित्सा सेवा की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने युवा चिकित्सकों से अनुरोध किया कि वह अपने जीवन का कुुछ समय समाज को दें, जिससे एक स्वस्थ्य समाज के निर्माण किया जा सके। इस अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के प्रति कुलपति डाॅ0 चिन्मया पाण्डया जी ने अपने व्याख्यान में यज्ञ में बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार से प्रकृति, वातावरण एवं पर्यावरण को संतुलित रखने में यज्ञ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने यज्ञ को भगवान विष्णु का पर्याय बताते हुए कहा कि यज्ञ किए जाने से उसमें प्रयोग की जाने वाली लकड़ी, घी, अग्नि आदि से पर्यावरण एवं वातावरण शुद्ध होता है। इस अवसर पर किंग जाॅर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के बीच एक MEMORANDUM OF UNDERSTANDING (M.O.U) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एम0ओ0यू0 पर किंग जाॅर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के मा0 कुलपति प्रोफेसर एम0एल0बी0 भटट् जी एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डाॅ0 चिन्मया पाण्डया जी ने हस्ताक्षर किए। इस एम0ओ0यू0 के तहत दोनों संस्थानों ने 11 सूत्रीय कार्यो पर अपनी सहमति जताई। जिसके अंर्तगत दोनो संस्थान संयुक्त रूप से शोध कार्यो में एक-दूसरे की मदद से कार्य करेंगें। इसके साथ ही दोनोें संस्थान आपस में सामंजस बैठाने के लिए संयुक्त रूप से सम्मेलन, संगोष्ठियों, रिसर्च कार्य, प्रशिक्षण व्याख्यान आदि का आयोजन करेंगे।
इस अवसर पर यू0पी0यू0एम0एस0 सैफई के मा0 कुलपति प्रोफेसर राजकुमार ने कहा कि जब सम्पूर्ण विश्व औषधियों के बारे में अंजान था उस समय भी भारत में आयुर्वेदिक पद्धति के द्वारा औषधियों के प्रयोग से बीमारियों का इलाज किया जाता था। इसके साथ ही उन्होंने निजी चिकित्सा विश्वविद्यालय एवं काॅलेज द्वारा कराई जा रही चिकित्सा शिक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन मेडिकल काॅलेज के पास एम0सी0आई0 के गाइडलाइन के अनुरूप न ही फैकेल्टी उपलब्ध है और न ही संसाधन, जिससे भविष्य में तैयार होने वाले चिकित्सकों को लेकर वह अशंकित है।
इस अवसर पर समारोह में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रतीकचिन्ह एवं प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। डिबेट प्रतियोगिता में अमित शर्मा ने प्रथम पुरस्कार जीता, तो वहीं के0जी0एम0यू0 की अपूर्वा जयसवाल दूसरे स्थान में रहीं, तीसरे स्थान पर जी0एम0सी0 भावनगर के कुशल पाण्डेय रहे। इसी प्रकार से रंगोली प्रतियोगिता में शालिनी दिवाकर, प्रियंका अग्रवाल और शिवानी सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, दूसरे स्थान पर के0जी0एम0यू0 की पायल पवार, आफरीन काजी एवं दर्शा रहीं। तीसरे स्थान पर के0जी0एम0यू की आयुषी, अपूर्वा सिंह रहीं।
पेंटिंग प्रतियोगिता में ऐम्स ऋषिकेश की कीर्ति को प्रथम पुरस्कार, द्वितीय पुरस्कार के0जी0एम0यू0 के संजीव कुमार को तथा तीसरा पुरस्कार कानपुर की कीर्ति कुमारी को प्राप्त हुआ। स्केचिंग में प्रथम पुरस्कार झांसी की गरिमा वर्मा ने जीता तो ऐम्स ऋषिकेश की काशी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, ऐम्स ऋषिकेश की कीर्ति नारंग तीसरे स्थान पर रहीं। पोइट्री में कोटिवाल डेंटल काॅलेज एंड रिसर्च सेंटर, मुरादाबाद को प्रथम स्थान मिला, दूसरे स्थान पर के0जी0एम0यू0 की रेहाना अंसारी रहीं। तीसरे स्थान पर जम्मू की बी0एम0सी रहा। इसके साथ ही डेंटल एवं मेडिकल क्वीज प्रतियोगिता में के0जी0एम0यू0 की टीम पहले स्थान पर रही।
समारोह में एन0एम0ओ0 के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर विजेन्द्र जी, एन0एम0ओ के राष्ट्रीय सचिव श्री योगेन्द्र मलिक ने भी समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के चैयरपर्सन डाॅ0 संदीप तिवारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर समारोह में शामिल अतिथिगण, चिकित्सक एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में मुख्य रूप से एन0एम0ओ0 अवध प्रान्त के अध्यक्ष डाॅ0 ए0के0त्रिपाठी, पूर्व कुलपति के0जी0एम0यू0 एवं ऐम्स ऋषिकेश के निदेशक प्रो0 रविकांत, कार्यक्रम के आयोजन सचिव डाॅ0 भूपेन्द्र सिंह, डीन पैरामेडिकल साइंसेज डाॅ0 विनोद जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अब PayTM के जरिए भी द एम्पल न्यूज़ की मदद कर सकते हैं. मोबाइल नंबर 9140014727 पर पेटीएम करें.
द एम्पल न्यूज़ डॉट कॉम को छोटी-सी सहयोग राशि देकर इसके संचालन में मदद करें: Rs 200 > Rs 500 > Rs 1000 > Rs 2000 > Rs 5000 > Rs 10000.












