उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी रहेंगे मौजूद
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को प्रदेश में चल रहे 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहेंगे। बैठक में समस्त मंडलायुक्त, जिलाधिकारी के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायतीराज और महिला व बाल विकास विभाग के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय से इस संबंध में गुरुवार को आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। जिलास्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक में प्रतिभाग लेंगे। गौरतलब है कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 15 जनपदों में चल रहे 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान को मुख्यमंत्री ने सभी 75 जनपदों में चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने गुरुवार को इस आशय का पत्र सभी मंडलायुक्त व जिलाधिकारियों को जारी किया है। पत्र में मंडल जनपद में उक्त अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र भटनागर ने अभियान की प्रगति के बारे में बताया कि अब तक 15 जनपद की कुल 27.95 लाख की उच्च जोखिम वाली जनसँख्या को अच्छादित किया गया जिसमें 5.71 लाख लोगों की टीबी के संभावित लक्षणों के आधार पर स्क्रीनिंग की गई। इनमें 4265 लोगों में टीबी की पुष्टि हुई है। सर्वाधिक 659 मरीज सीतापुर में, इसके बाद 440 रामपुर में, 350 बाराबंकी में, 299 बस्ती में और 295 सिद्धार्थनगर में मिले हैं।
उच्च जोखिम वाले समूह
• 60 साल से अधिक आयु वर्ग के लोग
• 18.5 किग्रा/मी2 से कम बीएमआई वाली कुपोषित जनसंख्या
• डायबिटीज एवं एचआईवी संक्रमित व्यक्ति
• धूम्रपान एवं नशा करने वाले व्यक्ति
• इलाज प्राप्त कर रहे टीबी रोगियों के साथ रहने वाले तथा इलाज पूरा कर चुके व्यक्ति।