बैंककर्मी पति ने पत्नी और बहन को गोली मारकर खुद की आत्म हत्या
लखनऊ। राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर एक खौफनाक वारदात सामने आई, जहां पारिवारिक कलह और तलाक की अर्जी से गुस्साए एसबीआई बैंककर्मी ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। महज एक घंटे के भीतर हुए इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बैंक के बाहर पत्नी को उतारा मौत के घाट
पुलिस के अनुसार, आलमबाग निवासी दिव्या मिश्रा (35) गोमतीनगर के मिठाई वाला चौराहा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थीं। करीब 10 वर्ष पूर्व उन्होंने एसबीआई बैंककर्मी मानस बाजपेयी (36) से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी और दिव्या ने करीब एक साल पहले कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी।
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मानस मिठाई वाला चौराहा पहुंचा और दिव्या को बैंक से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मानस ने ताबड़तोड़ दो गोलियां चलाकर दिव्या की हत्या कर दी।
वाट्सऐप स्टेटस पर लिखा- ‘पत्नी ने धोखा दिया, बहन और खुद को भी मारूंगा’
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मानस ने अपने मोबाइल पर एक चौंकाने वाला वाट्सऐप स्टेटस लगाया। उसने स्टेटस में लिखा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है क्योंकि उसने उसे धोखा दिया था, और अब वह अपनी बहन और खुद को भी खत्म करने जा रहा है।
बहन को गोली मारने के बाद खुद की कनपटी पर मारी गोली
पत्नी की हत्या के बाद बदहवास हालत में मानस करीब दो किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे स्थित अपने किराए के मकान पहुंचा। वहां उसकी 28 वर्षीय बहन सीबा मौजूद थी। कमरे का दरवाजा बंद करने के बाद मानस ने पहले अपनी बहन को गोली मारी और फिर पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली चलाकर आत्महत्या कर ली।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, जेसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) बबलू कुमार और डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में वैवाहिक विवाद और तलाक की अर्जी को लेकर चल रहा मनमुटाव मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मानस का मोबाइल जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












