डिप्टी सीएम ने किया संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ,
लखनऊ। हम मिल कर डेंगू और मलेरिया पर वार करेंगे। आज से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ हुआ है। साथ ही दस से 30 अप्रैल तक घर-घर दस्तक अभियान भी संचालित होगा। दोनों ही विशेष अभियानों के माध्यमों से मच्छरजनित बीमारियों पर हम वार करेंगे। इन अभियानों में 13 विभागों का समन्वय रहेगा। हमारी सरकार प्रदेश की जनता को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बुधवार को बलरामपुर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि वर्ष 2018 में 13 विभागों के सहयोग से मात्र सात जिलों में प्रारंभ किए गए इन अभियानों की सफलता को देखते हुए इन्हें समस्त 75 जनपदों में लागू किया गया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग इस अभियान मे नोडल विभाग का कार्य करता है .आशा बहुएं तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दस्तक अभियान की धुरी हैं।
डिप्टी सीएम ने जागरूकता रैली, प्रचार वाहनों और फॉगिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. पवन कुमार अरुण, विशेष सचिव धीरेंद्र सचान, महानिदेशक, परिवार कल्याण डॉ. एच.डी. अग्रवाल, महानिदेशक, प्रशिक्षण डॉ. रंजना खरे, निदेशक, बलरामपुर चिकित्सालय डॉ. कविता आर्य, अपर निदेशक, स्वास्थ्य, लखनऊ डॉ. जी.पी. गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ डॉ. एन.बी. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, बलरामपुर डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।












