डिप्टी सीएम ने किया कॉर्डिकॉन 2026 का शुभारंभ
आधुनिक इलाज से प्रदेश बन रहा हृदय चिकित्सा का केंद्र
लखनऊ। केजीएमयू मरीजों को आधुनिक इलाज मुहैया करा रहा है। यहां देश व प्रदेश के ही नहीं बल्कि पड़ोसी देशों से मरीज बेहतर इलाज के लिए आ रहे हैं। डॉक्टर-पैरामेडिकल स्टाफ दिन रात मरीजों की सेवा कर जिंदगी बचा रहे हैं। लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग में प्रतिदिन दिल के रोग से ग्रसित गंभीर मरीजों को नया जीवन दे रहा है। यह कहना है डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का।
वह शुक्रवार को केजीएमयू के अटल बिहारी वाजपेई साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में कॉर्डिकॉन 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कॉर्डियोलॉजी सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कान्फ्रेंस में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग में प्रतिदिन गंभीर दिल के मरीज का सफल इलाज कर उन्हें नया जीवन दिया जा रहा है। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की बदौलत केजीएमयू हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। पांच हजार की आबादी पर अस्पताल हैं। जिला अस्पताल अपग्रेड किए गए हैं। प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। इलाज के साथ डॉक्टर भी तैयार किए जा रहे हैं। रोबोटिक सर्जरी को विस्तार दिया जा रहा है। एआई की मदद से इलाज को रफ्तार दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार केजीएमयू व लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग का हर तरीके से सहयोग करने को तैयार है।
आयोजन में चिकित्सकों को अनुभव साझा करने और नई तकनीकों की जानकारी का अवसर मिला। कान्फ्रेंस में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. ऋषि सेट्ठी, डॉ. अक्षय प्रधान, डॉ. गौरव चौधरी, डॉ. शरद चन्द्रा, डॉ. प्रवेश विश्वकर्मा, डॉ. धीमान कहाली समेत अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।











