लखनऊ। गोमती नगर के डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में जल्द ही शवों का पोस्टमार्टम भी होगा। इसका प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग ने बना लिया है। पोस्टमार्टम के लिहाज से देखा जाए तो यह लखनऊ का दूसरा संस्थान होगा, जिसमें पोस्टमार्टम की सुविधा होगी। अभी तक किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है। यहां पर 24 घंटे पोस्टमार्टम किये जाने की तैयारी चल रही है। जल्द ही यह सुविधा शुरू की जा सकती है।
किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में प्रतिदिन 13-14 से शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग के दावें के अनुसार सुबह नौ से शाम पांच बजे तक पोस्टमार्टम किया जाता है। अब पोस्टमार्टम को 24 घंटे करने का प्रस्ताव तैयार है। जिम्मेदार अधिकारियो का कहना है कि प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से काफी संख्या में लोग अपने मरीज का इलाज कराने राजधानी आ रहे हैं। यहां इलाज के दौरान कुछ मरीजों की मौत जाती हैं।
नियमानुसार नियम डॉक्टर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज देते है। पोस्टमार्टम में देरी की वजह से पीड़ितों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दिक्कत यह है कि शव शाम को पोस्टमार्टम हाउस में लाया जाता है। ऐसे में पीड़ितों को दूसरे दिन तक पोस्टमार्टम का इंतजार करना पड़ता है। स्टेट मेडिको लीगल सेल के अधिकारियों की पहल पर स्वास्थ्य विभाग ने लोहिया में पोस्टमार्टम की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. वेदव्रत सिंह का कहना है कि जल्द ही लोहिया में पोस्टमार्टम की सुविधा शुरू किये जाने की तैयारी है। इस प्रस्ताव पर स्टेट लीगल सेल, केजीएमयू व अन्य अफसरों ने मुहर लगा दी है।











