लखनऊ। कि ंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलसचिव पर वित्तीय गड़बड़ी करने के आरोप लगे है। शासन ने शिकायत के आधार पर जांच के आदेश दिए हैं। शासन का जांच करने का पत्र पहुंचने के बाद केजीएमयू प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जांच बीस दिन में करके रिपोर्ट सौप दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार अम्बेडकर नगर निवासी अशोक कुमार ने केजीएमयू कुलसचिव के खिलाफ वित्तीय गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। शिकायत में आरोप हैं कि कुलसचिव व कर्मचारियों ने तथ्यों को छिपाते हुए एक फर्म को विशेष रूप से लाभ पहुंचाने के लिए अनियमित रूप से भुगतान किया गया। इसमें कुलसचिव पर भी मिलीभगत की सम्भावना बतायी गयी है। शिकायत मिलने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने गंभीरता से लेते हुए 25 फरवरी को शासन ने मामले की जांच के आदेश दिया है। इसमें प्रकरण की जांच के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग की विशेष सचिव शुभ्रा सक्सेना को जांच अधिकारी बनाया गया है।
शासन की ओर से गठित कमेटी का आदेश कुलपति डॉ. बिपिन पुरी व कुलसचिव आशुतोष कुमार द्विवेदी को भेजा गया है। इन दोनों अधिकारियों से जांच में सहयोग करते हुए जांच अधिकारी को संबंधित दस्तावेज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।











