लखनऊ। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की ओपीडी में मरीजों की ज्यादा से ज्यादा देखा जा सकेगा। अब विशेषज्ञ व सुपर स्पेशियालिटी विभागों में और अधिक मरीज को डाक्टरों द्वारा परामर्श देने की अलग- अलग संख्या निर्धारित की गयी है। केजीएमयू प्रशासन ने शनिवार को इसका आदेश जारी कर दिया है।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि राजधानी सहित अन्य जनपदों में कोरोना का संक्रमण धीरे-धीरे कम हो रहा है। इस कारण ओपीडी में और अधिक मरीजो को डाक्टर परामर्श दे सकेंगे। ओपीडी में विशेषज्ञ विभाग के डॉक्टर अब रोजाना 250 मरीज को परामर्श देंगे।
जब कि सुपर स्पेशियालिटी विभागों में 150 मरीज पंजीकरण के बाद डॉक्टर से परामर्श हासिल कर सकते हैं। सुपर स्पेशियालिटी विभागों में कैंसर, दिल, गेस्टो, यूरोलॉजी, पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर मेडिसिन समेत अन्य विभाग आते है।
कुलपति डॉ. बिपिन पुरी के मुताबिक वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके मरीजों को ओपीडी में आने के लिए आरटी-पीसीआर जांच की जरूरत नहीं है। सिर्फ उन्हीं संदिग्ध लोगों की कोरोना जांच करायी जा रही है ,जिन्हें कोरोना के लक्षण जैसे सर्दी-जुकाम, बुखार, गले में दर्द है।












