लखनऊ। राजधानी में बुधवार को चौथे चरण के तहत मतदान के लिए जागरूक करने के लिए सोमवार को केजीएमयू कर्मचारी परिषद ने मतदान जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सभी ने मतदान करने का संकल्प लिया।
केजीएमयू में कुलपति कार्यालय के पास जागरुकता कार्यकम का आयोजन किया गया। केजीएमयू कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष प्रदीप गंगवार ने बताया कि मतदान हम सभी का अधिकार है। अधिक से अधिक संख्या में लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए हमने उन्हें शपथ दिलायी है। कर्मचारियों और उनके परिवारीजनों को 23 फरवरी को मतदान अवश्य करने के लिए शपथ दिलायी गयी। इसके साथ ही उन्हें मतदान और लोकतंत्र में उनकी सहभागिता को लेकर जागरूक और शिक्षित भी किया गया।
उधर यूपी लैब टेक्नीशियन के प्रवक्ता सुनील कुमार ने अपील करते हुए कहा कि मताधिकार का प्रयोग करें। यह हमारी ताकत है। सभी लोग बढ़कर मतदान करें, ताकि मजबूत सरकार का गठन हो सके। राजकीय नर्सेस संघ के अशोक कुमार ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान आवश्यक है। इसमें हम सभी की सहभागिता व जिम्मेदारी है। इस मौके पर परिषद की उपाध्यक्ष प्रिया यादव समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे।












