मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैं सर संस्थान व अस्पताल के सीनियर व जूनियर रेजीडेंट डाक्टरों ने पीजीआई के समकक्ष सातंवा वेतनमान को लागू करने की मांग की है। सभी सीनियर व जूनियर रेजीडेंट डाक्टरों ने कैंसर संस्थान के निदेशक, रजिस्ट्रार सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को ज्ञापन दिया है। सभी ने एक मत से चेतावनी दी है कि अगर मांगे पूरी न हुई तो एक जुट होकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
कैंसर संस्थान के निदेशक को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि शासनादेश के मुताबिक सातवां वेतनमान लागू किया जा चुका है।
इसके बावजूद कैंसर संस्थान में छठां वेतनमान के अनुसार ही वेतन दिया जा रहा है। जब कि लखनऊ के अन्य चिकित्सा संस्थानों जैसे पीजीआई,लोहिया संस्थान, केजीएमयू आदि में सातवें वेतन आयोग के मुताबिक ही वेतन दिया जा रहा है। पत्र में सीनियर व जूनियर रेजीडेंट डाक्टरों ने अपनी समस्याओं को जिक्र करते हुए कहा है कि छठें वेतन आयोग के तहत मिलने वाली धनराशि से हम सभी अपनी आवश्यक व स्वास्थ्य सम्बधी आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाई हो रही है।
कोरोना जैसी महामारी में यदि सातवां वेतनमान लागू होता है तो सीनियर व जूनियर रेजीडेंट की भर्ती में भी आसानी होगी,जिससे कैंसर संस्थान में मरीजों को बेहतर तरीके से अधिक स्वास्थ्य सेवाओं को लाभ दिया जा सकेगा।












