लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के बाद अब लोहिया संस्थान के नर्सिंग व टेक्नीशियन संवर्ग ने आन्दोलन की चेतावनी दी है। कैडर पुर्नगठन व वेतन विसंगति दूर करने की मांग को पूरा करने के लिए संस्थान प्रशासन को 31 दिसंबर तक की समय दिया है। इस बारे में शुक्रवार को नर्सेज संघ ने संस्थान की निदेशक को पत्र भेजकर समस्या के जल्द निराकरण करने की मांग की है। पत्र में चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक मांगे नहीं मानी गई तो दोनों संवर्ग के कर्मचारी आन्दोलन करेगे।
डॉ. आरएमएलआईएमएस नर्सेज संघ के मंत्री अमित शर्मा ने निदेशक को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि इसमें कहा है कि पिछली 23 नवंबर की शासी निकाय की बैठक में दोनों संवर्ग के पुनर्गठन पर चर्चा नहीं हो सकी थी। इसके बाद जब 24 नवंबर को निदेशक से इस विषय में वार्ता हुई। निदेशक ने एक हफ्ते में शासी निकाय की बैठक बुलाकर इस मसले को हल करने का आश्वासन दिया था।
यदि तय समय तक दोनों कैडर के पुनर्गठन व टेक्निकल संवर्ग की वेतन विसंगति दूर नहीं होती है ,तो आन्दोलन करने को मजबूर होंगे। इसके तहत आंदोलन के पहले चरण में पहली से आठ जनवरी तक काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे। सात से 12 जनवरी तक सुबह नौ से 11 बजे तक 2 घंटे कार्य बहिष्कार होगा। फिर भी मांगों पर कार्यवाही नहीं होने पर 13 जनवरी से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।












