लखनऊ। प्रदेश में एम्बुलेंस सेवा प्रदाता संस्था जीवीके ईएमआरआई ने दिवंगत कर्मचारियों 102 सेवा के मो. इमरान और 108 सेवा के सरवन कुमार पांडेय व अवधेश कुमार दुबे के परिजनों को 5-5 लाख रूपये की सहायता राशि दी है। इसके अतिरिक्त 5-5 लाख की बीमा राशि का भुगतान पूर्व में ही किया जा चुका है। तीनों ही कर्मचारियों की सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल होने के बाद मृत्यु हो गई थी। मो. इमरान महाराजगंज जिले, सरवन कुमार पांडेय गोंडा जिले और अवधेश कुमार दुबे जौनपुर जिले में कार्यरत थे।
उन्होंने बताया कि अम्बेडकर नगर निवासी मो. इमरान पुत्र मो. जमील 102 सेवा में ईएमटी के रूप में कार्यरत थे। वह अवकाश पर थे और अपने रिश्तेदार के घर से मोटरसाइकिल से वापस आने के दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
जबकि गोंडा जिले के छिटनापुर, करनैलगंज निवासी सरवन कुमार पांडेय पुत्र राम कैलाश पांडेय 108 सेवा में पायलट के पद पर गोंडा जिले में ही कार्यरत थे। वह एक मरीज को छोड़कर वापस लौट रहे थे इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने एम्बुलेंस को टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मृत्यु हो गई थी। इस मौके पर डॉ. मदन शर्मा, परवेज कमाल, स्वेतनिशा एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
डॉ. मदन शर्मा ने बताया कि अम्बेडकर नगर निवासी अवधेश कुमार दुबे पुत्र ज्ञानदत्त दुबे जौनपुर में 108 सेवा में पायलट के पद पर कार्यरत थे। प्रयागराज में पीछे से एक मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिसमें गम्भीर रूप से घायल होने बाद उनकी मृत्यु हो गई थी।