लखनऊ। लखनऊ के पूर्व उप महापौर अभय सेठ की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। कोरोना संक्रमण के बाद उन्हें दस दिन पहले पीजीआई में भर्ती कराया गया था। डाक्टरों के अनुसार बुखार व सर्दी-जुकाम के बाद कोरोना संक्रमण की जांच अभय सेठ की कराई गई थी। जांच में संक्रमण का पता चलने पर पीजीआई में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक मरीज को शुगर व दिल की गंभीर बीमारी भी थी। हार्ट की बाईपास सर्जरी भी हुई थी। इलाज के दौरान उनकी बिगड़ी तबियत को देखते हुए आईसीयू में उनका इलाज किया जा रहा था।
डाक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी संक्रमण के कारण सुधार नहीं हो रहा था। इसके अलावा केजीएमयू के कोरोना वार्ड में भर्ती बाराबंकी निवासी 48 वर्षीय मरीज की मौत इलाज के दौरान हो गयी। इलाज कर रहे डाक्टरों के अनुसार कोरोना संक्रमण के साथ ही मरीज को पहले से ही अस्थमा के अलावा डायबिटीज बीमारी भी थी। उधर प्रदेश के गाम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह के 2 पोते और उनकी पुत्री को भी कोरोना पाजीटिव पाया गया ।उनकी बहू को भी कोरोना की रिपोर्ट में पाजीटिव आया है। उनके गनर सत्यपाल को भी कोरोना की रिपोर्ट पाजीटिव आयी हैं। मंत्री के पोते को राजधानी कोविड 19 के संजय गांधी पी जी आई में भर्ती कराया गया है।












