लखनऊ। सोमवार को राजधानी के तीन अलग-अलग अस्पतालों से 16 मरीजों के कोरोना से ठीक होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। बीकेटी स्थित आरएसएम अस्पताल से सबसे ज्यादा 10 मरीज डिस्चार्ज किए गए, जबकि गोमती नगर के लोहिया संस्थान से पांच मरीज व एक मरीज अन्य संस्थान से ठीक हुआ है। आरएसएम अस्पताल में कोरोना टीम के प्रमुख डॉ. रोहित ने बताया कि सोमवार को डिस्चार्ज किए गए 10 मरीजों में से छह महिलाएं व चार पुरुष हैं। इनमें से सात मरीज चिनहट से एक ही परिवार के हैं, जबकि माल क्षेत्र, मलिहाबाद व कमता का क्रमश: एक- एक है।
वहीं लोहिया संस्थान के मीडिया प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि हमारे संस्थान से पांच मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। चार मरीज फातिमा अस्पताल के स्टाफ हैं। जबकि पांचवां राजधानी निवासी है। वही एक मरीज अन्य संस्थान से भी डिस्चार्ज हुआ है। इस प्रकार कुल 16 कोरोना मरीज कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। ठीक हो चुके सभी मरीजों को घर में 14 दिन के लिए क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है।












