लखनऊ। राजधानी में बृहस्पतिवार को चार मरीजों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमण मिला है। इनमें से एक पीजीआई, एक अलीगंज, एक इंदिरानगर तथा एक मरीज गोमतीनगर के विस्तार में रहने वाला है। इनमें तीन मरीजों को लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है। एक पीजीआई में भर्ती किया गया है। कोरोना से स्वस्थ होने पर छह मरीजों को डिस्चार्ज किया गया, इनमें लोकबंधु अस्पताल से तीन, पीजीआई से एक आैर केजीएमयू से दो मरीजों को छुट्टी दी गयी है। अब तक राजधानी में 423 मरीजों में कोरोना की पुष्टि की गयी है आैर 109 मरीजों का उपचार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार की सुबह से उन इलाकों में अभियान चलाया, जहां पर कोरोना संक्रमित पाये जा चुके हैं, इनमें सदरौना पसियन खेड़ा, सदरौनाचमरही, काशीराम योजना, प्रसादी खेड़ा आदि क्षेत्रो में टीम ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही टीम ने 1128 घर का भ्रमण करते हुए 5642 जनसंख्या को आच्छादित किया। सर्विलांस एवं कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 237 लोगों का सैम्पल टीम द्वारा लिया गया तथा जांच के लिए केजीएमयू भेजा गया।












