लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में मरीजों को रेफर के लिए कई घण्टे बीत गये। परिजन इधर-उधर चक्कर लगाते रहे लेकिन डाक्टर का पता नहीं लगा पाए। कुछ लोगों ने बताया कि इमरजेंसी के ऊपर सभागार में पीएमएस के चुनाव में सभी डाक्टर मतदान करने गए, वहां जाकर पता करो लेकिन डाक्टर का पता नहीं चल पाया।
बलरामपुर अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में मोहम्मद शमी (27) भर्ती थे। उन्हें किडनी के संबंधित बीमारी थी। उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजनों से केजीएमयू रेफर करने की बात कही। परिजन एक से दूसरे वार्ड में डाक्टर को ढूंढते रहे। ऐसे में एक घण्टा से ज्यादा समय बीत गया लेकिन डाक्टर नहीं मिले। मरीज का इलाज डाक्टर उस्मानी के दिशा-निर्देश पर चल रहा था। इस बीच उनको एक समाजसेवी राहुल सोनकर मिले।
अब श्री सोनकर ने अपने परिचित वार्ड ब्वाय को साथ लिया आैर मरीज की बीएचसी लेकर सीधे निदेशक कार्यालय में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. ऋषि कुमार सक्सेना के पास पहुंच गये आैर अपनी आप बीती बतायी। इस पर डा. सक्सेना ने तत्काल मरीज को रेफर करवाने के लिए तत्काल कागज बनवाए आैर एम्बुलेंस से मरीजों को केजीएमयू भेजने के निर्देश दिये।















