माँ शब्द भारत की संसार को देन: चंपत राय
लखनऊ। नवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रेरणा परिवार की ओर से गुरूवार को राजभवन प्रांगण में लखनऊ के आसपास क्षेत्रों के 281 सेवा बस्तियों से आयी 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल,श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण का शुभारम्भ किया। सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने हेतु 100 बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि हमें बेटियों के लिए काम करना चाहिए। हमारी बेटियां चरित्रवान, शीलवान व पढ़ी लिखी होनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि निम्न मध्यम वर्ग तक हम अभी नहीं पहुंच पाये हैं। उनके बीच हमें बड़े पैमाने पर काम करने की जरूरत है। अभी भी बच्चे भिक्षाटन कर पेट भर रहे हैं।
प्रेरणा के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बालिकाओं के राजभवन में आगमन ने राजभवन के गौरव को और बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सामने कई चुनौतियाँ होती हैं, इसलिए उन्हें सशक्त बनाने के लिए उनको शिक्षित करना, संस्कारित करना और उनके स्वास्थ्य की रक्षा करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पूरे देश में बेटियों के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनसे वे लगातार आगे बढ़ रही हैं। माता-पिता को जागरूक कर बेटियों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देना आवश्यक है, क्योंकि यही बेटियां भविष्य में मातृत्व के रूप में समाज को सशक्त और संस्कारवान नागरिक प्रदान करती हैं। उन्हें संस्कारित और शिक्षित बनाकर ही हम उत्तम नागरिक तैयार कर सकते हैं।
इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि बालिकाएं मां भगवती का स्वरूप होती हैं। चंपत राय ने कहा कि माँ शब्द भारत की संसार को देन है। हमारे यहां धरती माता,गो माता और गंगा माता का संबोधन करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘माँ’ शब्द स्वयं में पूजनीय है और आज बालिकाओं का पूजन उसी स्वरूप की आराधना है। चंपत राय ने कहा कि आज 25 सितम्बर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने एकात्म मानववाद का दर्शन समाज को दिया। सम्पूर्ण समाज एक है। जैसे शरीर एक है उसी प्रकार हमारा समाज भी एक है।
कार्यक्रम के व्यवस्था प्रमुख प्रशान्त भाटिया ने बताया कि 100 बसों द्वारा 281 सेवा बस्तियों से 5100 से अधिक कन्याएं कार्यक्रम में आयीं जिनका पूजन किया गया। इनमें 40 बच्चे सपेरा बस्ती से भी आए। बच्चों को लाने में एकल परिवार का सहयोग रहा।
राजभवन पहुंचने पर कन्याओं का पांव प्रक्षालन के बाद तिलक कर और चुनरी भेंटकर उनका स्वागत किया गया। कन्याओं को माता जी चुनरी,भोजन प्रसाद की थाली, दक्षिणा और उपहार स्वरूप कापी कलम व पुस्तक दी गयी। इस अवसर पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कथक नृत्व व देवी गीत भी प्रस्तुत किया गया।
प्रेरणा परिवार के उपाध्यक्ष अक्षय खोसला, बिराज सागर दास, संयुक्त सचिव पीयूष सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष शरद जैन व अन्य सदस्यों में अंकित साहनी, अभिनव भार्गव, यशवर्धन अग्रवाल, शांतनु सिंह,जतिन वर्मा,गुंजन जैन व जय अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव,राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी और डा. दिलीप अग्निहोत्री,लोहिया संस्थान के निदेशक प्रो.सीएम सिंह,कैंसर संस्थान के निदेशक डा.एमएलबी भट्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा परिवार की सचिव शिखा भार्गव व डा. भूपेन्द्र ने किया।
इस अवसर पर प्रान्त प्रचारक कौशल,विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह,अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.राजशरण शाही,एकल अभियान के पालक अधिकारी राजेश गोयल, संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष,सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकांत,क्षेत्र संघचालक कृष्ण मोहन,प्रान्त संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह, प्रान्त सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह,सामाजिक समरसता विभाग के प्रान्त संयोजक राजकिशोर, विभाग प्रचारक अनिल,विश्व संवाद केन्द्र के प्रमुख डा. उमेश, विहिप के प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप,वरिष्ठ प्रचारक ओमपाल सिंह,अशोक केड़िया,डा.संग्राम सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।












