लखनऊ। आपका नियमित रक्तदान विभिन्न तरह की गंभीर बीमारियों से बचाता है। अगर देखा जाए तो नियमित रक्तदान करने वालों की पांच तरह की निशुल्क जांच होती है। इससे शरीर में संक्रमण को समय पर पकड़ने में मदद मिल जाती है। यह बात किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की प्रमुख डॉ. तूलिका चन्द्रा ने कही।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर केजीएमयू में शताब्दी अस्पताल से जागरुकता रैली निकाली गई। स्वास्थ्य सचिव प्रांजल यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली केजीएमयू से हाथी पार्क होते हुए शहीद स्मारक जाकर वापस पहुंचीं और फिर आई। इसके बाद रक्तदान के प्रति जागरुक करने के लिए नुक्कड़ नाटक हुआ। डॉ. तूलिका चन्द्रा ने कहा कि आंकड़े बताते है कि दो फीसदी आबादी भी नियमित रूप से रक्तदान नहीं कर रही है। इन्हें जागरूक करना होगा। यदि दो फीसदी लोग भी रक्तदान करने लगे, तो मरीजों के लिए ब्लड की कमी नहीं होगी। रक्तदान का सबसे बड़ा फायदा यह भी है कि नियमित रक्तदान करने वालों को अन्य व्यक्तियों के मुकाबले हार्ट अटैक पड़ने का खतरा करीब पांच फीसदी तक कम हो सकता है।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. बिपिन पुरी ने कहा कि नियमित रक्तदान करने से शरीर में नई कोशिकाओं का निर्माण तेजी से होता है। ऐसे में मरीज के बीमार होने का खतरा कम बन जाता है।
स्वास्थ्य सचिव प्रांजल यादव ने कहा कि ब्लड की कमी को दूर करने के लिए सभी लोगों को रक्तदान करने की जरूरत है। जरूरतमंद मरीजों के लिए सभी जिलों में ब्लड कम्पोनेन्ट सेप्रेशन यूनिट की स्थापित की जा रही है। इस मौके पर एनएचएम ब्लड सेल के जनरल मैनेजर आरपी दीक्षित मौजूद रहे।












