बरेली में बनेगा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल- मुख्यमंत्री

0
693

*- एकदिवसीय दौरे पर बरेली पहुंचे सीएम योगी ने विकास भवन सभागार में अफसरों व जनप्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक*

*- बोले सीएम योगी- मंडल-जिले के सभी कार्यालय एक छत के नीचे होंगे, टीबी रोगियों को गोद लें जनप्रतिनिधि*

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 300 बेड और मानसिक अस्पताल की खाली जमीन को मिलाकर एक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें। इससे बरेली में एक मार्डन चिकित्सा सुविधा के लिए हॉस्पिटल का निर्माण कराया जा सके। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि वह एक-एक टीबी मरीज को गोद लें। इससे जनजागरुकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पुराने मुकदमे-वाद समस्या का कारण बनते हैं। इनकी वजह से नये अपराध जन्म लेते हैं। इसलिये पुराने मुकदमों का शीघ्र निस्तारण कराया जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरेली स्मार्ट सिटी है। अब मंडल और जिला स्तर के सभी कार्यालय एक ही छत के नीचे हों। इसका प्रस्ताव तैयार कर व्यवस्था करायें। अपराध और ट्रैफिक नियंत्रण के लिये मुख्यमंत्री ने इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को प्रभावी बनाने और ई-रिक्शा/टैक्सी का सत्यापन कराने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल मण्डल की प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीलीभीत में टाइगर रिजर्व में 25 किमी की फेंसिंग का कार्य पूरा हो गया है। 2022-24 तक मण्डल में 12 आकांक्षात्मक विकास खण्डों को भारत व राज्य सरकार द्वारा किसी न किसी मानक में पुरस्कृत किया गया है। बरेली में 18 खगोलीय विज्ञानशाला बनायी गयी हैं। शाहजहांपुर में‘गर्ल्स कैन डू‘ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। संचारी रोग नियंत्रण में बरेली व पीलीभीत ने अच्छा कार्य किया है।

*मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से एक-एक टीबी मरीज गोद लेने की अपील की*
टीबी रोग उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने बरेली के जनप्रतिनिधियों से टीबी रोगियों को गोद लेने की जानकारी ली। उन्होंने समस्त जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे टीबी रोगियों को गोद लें और उनसे सम्पर्क कर नियमित जांच, पोषण पोटली प्राप्त हुई या नहीं आदि जानकारियों को लेने के साथ ही उनका मनोबल बढ़ाने का भी कार्य करें। इससे समाज में अच्छा संदेश जायेगा और रोगियों की मनोदशा भी बेहतर होगी।

*आईएमए पदधिकारियों ने की सीएम योगी से मुलाकात*
आईएमए के पदधिकारियों ने सीएम योगी से मुलाकात की। इस दौरान डॉक्टरों ने आयुष्मान योजना के बकाया भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, जिससे निजी अस्पतालों को वित्तीय राहत मिलने लगी है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान डॉ. आर. के. सिंह ने संगमरमर की एक शिव प्रतिमा भेंट की। मुलाकात में आईएमए अध्यक्ष डॉ. आर. के. सिंह, सचिव डॉ. रतन पाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, डॉ. रविश अग्रवाल, डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. विनोद पागरानी और डॉ. प्रमेन्द्र महेश्वरी शामिल रहे।

Previous articleदेवी भागवत कथा सिखाती है, कोई भी सौगन्ध व प्रतिज्ञा सोच-समझकर लें : डॉ. कौशलेन्द्र शास्त्री
Next articleKgmu: न्यूरो सर्जरी विशेषज्ञ डा. क्षितिज का इस्तीफा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here