लखनऊ। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि राज्य में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपराधियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के लिए अभियान चलाया जाये।
मुख्यमंत्री आज अपने कार्यालय के सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर जोनल अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षकों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि थानेवार संदिग्ध व्यक्तियों की सूची बनाकर उनकी कार्यशैली निरन्तर निगरानी सुनिश्चित करायी जाये।
उन्होंने कहा कि आगामी दीपावली एवं छठ पूजा में कोई भी अप्रिय घटना घटित हुई तो सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी नियत कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। आम नागरिकों को बेहतर यातायात की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलेवार यातायात योजना बनाकर जाम से छुटकारा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाया जायें। उन्होंने कहा कि आकस्मिक घटनाओं को रोकने के लिए शहरों के खुले किसी चिन्हित स्थान पर पटाखों आदि की बिक्री के लिए संबन्धित दुकानदारों को जगह उपलब्ध कराकर फायर ब्रिागेड सहित अन्य आवश्यक उपायों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करायी जाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तियों में संचालित पटाखों की दुकानों एवं गोदामों को कतई संचालित न होने दिया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेट्रोलिंग के लिए डॉयल-100 सेवा के तहत उपलब्ध लगभग 3200 गाड़ियों से निरन्तर पेट्रोलिंग सुनिश्चित कराकर अपराधियों पर कड़ी नजर रखकर उनमें भय पैदा किया जाये।
उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करायी जाये। प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों को अपनी कार्यशैली को और बेहतर ढंग से निर्वहन करना होगा।
30 दिन का मिलेगा बोनस
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर्मचारियों को 30 दिन के तदर्थ बोनस के भुगतान की घोषणा की है। सरकारी प्रवक्ता ने आज रात यहां बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मचारियों, सरकारी विभागों के कार्य प्रभारित कर्मचारियों और सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं , स्थानीय निकायों के कर्मचारियों तथा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई दी आैर वर्ष 2016-17 के लिए 30 दिन के तदर्थ बोनस दिए जाने की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय का लाभ लगभग 08 लाख कर्मचारियों को प्राप्त होगा। तदर्थ बोनस के रूप में कर्मचारियों को 6908 रुपए तक की धनराशि प्राप्त होगी। इस निर्णय को लागू किए जाने के फलस्वरूप राज्य सरकार पर 967 करोड़ रुपए का व्ययभार आएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में वित्त द्वारा आज शासनादेश जारी कर दिया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंाी ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार के इस फैसले से कर्मियों का उत्साहवर्धन होगा, जिससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन और मनोयोग से कर सकेंगे।







