लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने सिविल अस्पताल में मंगलवार को पहुंचे। उन्होंने माल्यार्पण के बाद इमरजेंसी में वेंटिलेटर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वेंटिलेटर उद्घाटन के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों से बातचीत करके इलाज के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल से दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं के बारे में भी मरीजों से पूछा। इस पर मरीजों ने उन्हें अस्पताल में बेहतर इलाज मिलने की बात बतायी।
इस पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल के बेहतर संचालन के लिए प्रबंधन की सराहना भी की। उन्होंने सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर संतुष्टि जताई। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और विधि न्याय मंत्री बृजेश पाठक ने अस्पताल के आईसीसीयू और पीआईसीयू (बाल रोग इकाई) के वेंटिलेटर का उद्घाटन किया। निदेशक डॉ डीएस नेगी ने बताया कि सिविल में कुल 12 वेंटिलेटर का उद्घाटन हुआ। इस मौके पर अस्पताल के सीएमएस डॉ आरके पोरवाल, एमएस डॉ आशुतोष दुबे आदि रहे।












