लखनऊ। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ( सिविल) अस्पताल में 12 वेंटिलेटर का संचालन शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गयी है। मंगलवार को डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर वेंटिलेटर यूनिट में मरीजों की भर्ती शुरू कर दी जाएगी। अस्पताल में यह वेंटिलेटर बाल रोग विभाग में आठ , इमरजेंसी यूनिट में दो और कार्डियक विभाग दो में स्थापित हो चुके है। अस्पताल के निदेशक डॉ डीएस नेगी ने बताया कि बाल रोग विभाग के पीआईसीयू में सात पीडियाट्रिक और एक नियोनेटल वेंटिलेटर लग चुका है।
इन आठ वेंटिलेटर पर गंभीर बच्चों का इलाज मुमकिन होगा। डॉ नेगी ने बताया कि अस्पताल की इमरजेंसी में भी दो वेंटिलेटर लगा दिए गए हैं। इस पर इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भी वेंटिलेटर की सुविधा मिल सकेगी। वहीं हृदय रोग में दो और वेंटिलेटर बढ़ा दिए गए हैं। बताते चले कि बाल रोग विभाग में वेंटिलेटर लगाने की कवायद कई वर्षो से चल रही है। अब वेंटिलेटर का लगना सम्भव हो पाया है।












