सदस्यता कार्ड वितरण
पत्रकार एकता का संकल्प
बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ जर्नलिस्ट एसोसिएशन की रायबरेली जिला इकाई द्वारा जिला कार्यालय, बछरावां में गरिमामय सदस्यता कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के कार्यवाहक सदस्य अश्वनी कुमार मिश्रा ने उपस्थित सदस्यों का पुष्पमालाओं से अभिनंदन करते हुए उन्हें सदस्यता कार्ड प्रदान किए तथा संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
समारोह की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. सुधीर मिश्रा ने की। इस अवसर पर उप जिला अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव, जिला संगठन मंत्री शकील मंसूरी, सदस्य प्रकाश नारायण द्विवेदी (हिलौली, उन्नाव), सदस्य पुनीत कुमार (सदर, रायबरेली), कार्यालय प्रभारी रविकांत चौधरी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सुधीर मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक सशक्त और जिम्मेदार स्तंभ है। समाज को सही दिशा देने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों एवं पेशेवर गरिमा की रक्षा के लिए संगठनात्मक एकता और सक्रियता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने तथा पत्रकार हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर सजग और सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की भावी कार्ययोजनाओं, पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों तथा संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने संगठन की मजबूती, पत्रकारों के हितों की रक्षा तथा आपसी सहयोग और एकजुटता को निरंतर बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह का समापन सभी सदस्यों को शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित करते हुए संगठन की एकता, सक्रियता और पत्रकार हितों के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।




