अतुल जे पांडे अध्यक्ष, रंजीत कौर सचिव बनीं
लखनऊ। जिला मुआय थाई एसोसिएशन की प्रथम आधिकारिक बैठक चारबाग स्थित शर्मा होटल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में संस्था के गठन, संगठनात्मक ढांचे तथा आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने लखनऊ जनपद में मुआय थाई खेल को संगठित, व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर पर विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से अंतरिम पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इसमें अतुल जे पांडे को अध्यक्ष, रंजीत कौर को सचिव, अर्जुन चौधरी को सहायक सचिव, परवीन अख्तर को उपाध्यक्ष, रत्नेश शर्मा को सीईओ, धीरज को कोषाध्यक्ष, राजेश वर्मा को वरिष्ठ सदस्य तथा अकरम जी को वरिष्ठ सदस्य नामित किया गया। यह सभी पदाधिकारी संस्था के पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक संगठन के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बैठक में संस्था को विधिवत पंजीकृत कराने, संस्थापक सदस्यों की पुष्टि, बैंक खाता खोलने तथा राज्य संघ से संबद्धता प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए। इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्लबों एवं प्रशिक्षण केंद्रों को जोड़ने के लिए क्लब संबद्धता नीति तैयार करने और खिलाड़ियों के लिए जिला पंजीकरण प्रणाली लागू करने पर भी सहमति बनी।
तकनीकी विकास को प्राथमिकता देते हुए टेक्निकल संरचना के गठन पर चर्चा की गई। साथ ही निकट भविष्य में जिला स्तरीय मुआय थाई चैम्पियनशिप आयोजित करने की रूपरेखा पर विचार किया गया, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिल सके। आगामी 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जज एवं रेफरी सेमिनार के आयोजन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यह सेमिनार जिला मुआय थाई एसोसिएशन लखनऊ द्वारा आयोजित किया जाएगा, जिसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बैठक में संस्था के वित्तीय मॉडल, मीडिया एवं प्रचार रणनीति तथा अनुशासनात्मक व्यवस्था को लेकर भी गंभीरतापूर्वक विचार किया गया, जिससे संगठन को पारदर्शी और पेशेवर स्वरूप दिया जा सके। इस अवसर पर डॉ. अमन कुशवाहा, आराध्या पाण्डेय, कोमल कश्यप, प्रियांशी गोयल, आद्या गुप्ता, रोहित चौधरी, नकुल गौर, शहज़ाद हुसैन, रवि भारती और हर्षवर्धन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने लखनऊ को मुआय थाई खेल के क्षेत्र में अग्रणी जनपद बनाने का संकल्प लिया।












