युवाओं से प्रशासनिक सेवाओं में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
लखनऊ। लखनऊ में कायस्थ चित्रांश समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन को समन्वयक समिति का अध्यक्ष चुना गया। बैठक की जानकारी लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव एवं समाजसेवी शेखर श्रीवास्तव ने संयुक्त बयान में दी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष इंद्रसेन श्रीवास्तव और अखिल भारतीय चित्रांश महासभा के अध्यक्ष संजीव वर्मा ने आलोक रंजन का अंगवस्त्र व माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम के विशेष अतिथि पूर्व आईएएस अधिकारी डी.एन. लाल ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक कदम बताया।
मुख्य अतिथि आलोक रंजन ने विनम्रता के साथ दायित्व स्वीकार करते हुए बिरादरी के युवाओं से प्रशासनिक सेवाओं में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमल वर्मा ने समाज के लोगों से एकजुट होकर अभियान को आगे बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों की सहायता करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सूचना आयुक्त वीरेंद्र सक्सेना ने इस प्रयास को सही दिशा में उठाया गया कदम बताते हुए बधाई दी। कार्यक्रम में स्वर्गीय विनोद बिहारी वर्मा की समाज सेवा को भी याद किया गया।
बैठक में डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, सुबोध श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, संतोष निगम, दीपक रंजन, अमित श्रीवास्तव त्यागी सहित अनेक पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कायस्थ पदाधिकारियों की भी सहभागिता रही।












