लखनऊ। डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की नर्सिंग भर्ती परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्वक निपट गयी। परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 33 केंद्रों पर कि या गया। बताया जाता है कि लगभग 50 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अधिकारियों का दावा है कि अगले मार्च में ही परीक्षा परिणाम घोषित किए जा सकते हैं।
शनिवार को प्रदेश के 33 केंद्रों में दोपहर बारह बजे से नर्सिंग भर्ती परीक्षा आयोजित की गयी। इसके लिए पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस व निजी सुरक्षा गार्ड प्रत्येक सेंटर पर किये गये थे। इसके साथ ही संस्थान के पर्यवेक्षक भी तैनात किये गये थे। परीक्षा अधिकारियों के मुताबिक 8300 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इसमें लगभग चार हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। लगभग 50 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी है।
बताते चले कि लोहिया संस्थान में लगभग दस वर्ष बाद नियमित भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत 431 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले देश के 92 सेंटरों में भर्ती परीक्षा हुई थी, गुजरात की एडुटेस्ट एजेंसी ने परीक्षा कराई। 18 केंद्रों में बिजली, कम्प्यूटर समेत दूसरी समस्या हुई। नाराज अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। परीक्षा में अव्यवस्था को देखते हुए संस्थान प्रशासन ने जांच के बाद अठ्ारह केंद्रों की परीक्षा निरस्त कर दी थी।
शनिवार को दोबारा परीक्षा शांतिपूर्वक निपट गयी। अधिकारियों के मुताबिक अगले सप्ताह के शुरूआत में परिणाम घोषित किया जा सकता है। इसके अलावा अधिकारियों ने बताया कि लिपिक समेत दूसरे संवर्ग की भर्ती परीक्षा की तारीख भी जल्द ही घोषित की जाएगी। इसमें लगभग पांच हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।












