लखनऊ। डायल 112 मुख्यालय में कोरोना संक्रमित मरीज मिलना बंद नही हो रहे है। सोमवार को छह कर्मियों में कोरोना संक्रमण मिला है। इसके अलावा राजधानी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कुल 24 है, जो कि आलमबाग, नटखेड़ा, गोमती नगर, नीलमथा, राजाजीपुरम, मोहान रोड, अलीगंज, पुलिस लाइन, मवैया तथा आईडीएच क्षेत्र के है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भारत सरकार के दिशा निर्देशों के आधार पर राजधानी में विंसडर पैलेस, माल एवन्यू, राजभवन अाफिसर कालोनी, सईद नगर, रजा नगर में संक्रमण मुक्ति के कार्य किया गया। इसके साथ ही कोरोना के सम्बध में सर्विलांस एवं कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 544 लोगों के सैम्पल टीम ने एकत्र करके जांच के लिए भेज दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डायल 112 मुख्यालय में आशंका के तहत लिये गये नमूनो की जांच में कुल छह कर्मियों में संक्रमण मिला है। इससे पहले यहां के चार क र्मियों में कोरोना संक्रमण मिल चुका है। यहां मिले कोरोना संक्रमित कर्मी के सम्पर्क में आये नीलमथा निवासी रिश्तेदार के तीन लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है। इसके बाद इस क्षेत्र को कंटेमेंट जोन बनाने की तैयारी चल रही है। राजाजीपुरम में मिलने वाले दो मरीजों में एक मरीज सिचाई विभाग का कर्मचारी बताया जाता है। गोमती नगर में कोरोना संक्रमित मरीज एक निजी बैंक का मैनेजर बताया जाता है, जब कि पुलिस लाइन में एक मरीज संक्रमित मिला है।
सीएमओ कार्यालय ने शक्ति भवन में एक कर्मी कोरोना संक्रमण मिलने के बाद शक्ति भवन के अधिकारियों से उसकी जानकारी मांगी है। यह मरीज कल्यानपुर का निवासी बताया जाता है। सीएमओ डा. नरेद्र अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को कुल 32 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इनमें 23 मरीज राम सागर मिश्र अस्पताल के है,जब कि नौ मरीज केजीएमयू से डिस्चार्ज किये गये है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद उसके सम्पर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट बनाकर जांच करायी जा रही है। इसके साथ ही भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुसार जांच अभियान चलाया जा रहा है।












