लखनऊ । राजधानी में कोविड-19 संक्रमण की प्रभावी रोक थाम के दृष्टिगत जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के निर्देश के क्रम में शनिवार को अमीनाबाद स्थित न्यू मेडिसिन मार्केट पर 10 थोक औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्म के अन्दर कर्मचारी मास्क नहीं पहने हुए थे ,जिनको अंतिम चेतावनी देते हुए कोविड-19 के अन्तर्गत सभी नियमों का पालन करने के लिए कहा गया। इस क्रम में हीरल मेडिकोज़, एसके एजेन्सी, स्ट्रेडिंग कम्पनी, श्रीदुर्गा, अनन्त इण्टरप्राइजेज, राधे कृष्णा फार्मा, केडी फार्मा, आईजे श्री जी ट्रेडर्स, एएस फार्मा को चेतावनी दी गयी। अधिकारियों ने बताया कि कहीं से औषधियों/सेनेटाइजर/मास्क की कमियों के सम्बन्ध में कोई शिकायत प्राप्त नही हुई। सभी औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों पर सेनेटाइजर, मास्क, आइवरमेक्टिन एवं अन्य औषधियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में किसी भी जनपदवासी को स्वास्थ्य सम्बंधित कोई असुविधा न हो इसके लिए डोर टू डोर डिलीवरी के द्वारा विभिन्न मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से आज कुल 40 परिवारों को दवाएं उपलब्ध कराई गई।












